गोंडा। पिछले सप्ताह लगातार हुई बारिश से जहां लोग गर्मी से राहत महसूस कर रहे थे। पिछले तीन दिनों से कड़ाके की धूप के साथ उमसभरी गर्मी ने सभी को बेहाल कर दिया। सोमवार की शाम उमसभरी गर्मी से लोग परेशान रहे। करीब दो लाख की आबादी वाले बड़गांव वन फीडर की बिजली पूरी रात ट्रिपिंग करती रही। बिजली की आवाजाही से लोग बेहाल रहे।
शहर के बस स्टेशन के समीप स्थित विद्युत उपकेंद्र झंझरी से टाउन, बड़गांव वन, बड़गांव टू, आईटीआई व महराजगंज क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की जाती है। लोकल फाल्ट के नाम पर दिन में कई बार और रात में कई बार विद्युत कटौती की जाती है।
लोगों को उमसभरी गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ रही है। सोमवार की रात बड़गांव वन फीडर से होने वाली आपूर्ति रात तकरीबन दस बजे तक तो सही सलामत चलती रही। लेकिन रात साढ़े दस बजे से सुबह तक यानि पूरी रात बिजली की ट्रिपिंग होती रही।
हरएक 20 मिनट पर रह-रहकर विद्युत कटौती से जानकी नगर, टैगोर नगर, रामलाल नगर, पांडेय पुरवा, उपरहितन पुरवा समेत नवीन गल्ला मंडी क्षेत्र की दो लाख आबादी वाले लोगों को पूरी रात उमसभरी गर्मी में टहल कर गुजारनी पड़ी।
विद्युत उपकेंद्र, इटियाथोक का ईस्ट फीडर सोमवार की देररात तकरीबन 11 बजे तकनीकी खराबी से फेल हो गया। पूरी रात 50 हजार की आबादी वाले लोगों को रात अंधेर में गुजारनी पड़ी। लोग गर्मी से बिलबिलाते रहे। फीडर से जुड़े गांव के लोगों ने आधी रात बाद विद्युत आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद छोड़ दी, और घर के बाहर व छतों पर रात गुजारी।
विद्युत उपकेंद्र के ईस्ट फीडर से क्षेत्र के परसिया बहोरीपुर, हरैय्या झूमन, अयाह, गोशेन्द्रपुर, कर्मडीह कला, मोहनपुर, असिधा समेत 25 गांव जुड़े हैं। लोगों को कहना है कि अक्सर इस फीडर में खराबी आती है। जिससे आपूर्ति बंद रहती है। उमसभरी गर्मी में बिजली की आपूर्ति ठप होने से लोग परेशान हैं। देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
बिजली कटौती से परेशान परसपुर के लोगों में नाराजगी है। लोगों ने विद्युत आपूर्ति दुरुस्त करने की मांग उठाते हुए आपूर्ति में सुधार न होने पर सड़क पर उतरने की चेतावनी दी है।
उमस भरी गर्मी में यहां आएदिन बिजली गुल रहती है। रोज-रोज के लाइन फाल्ट से भी लोग तंग आ चुके हैं। सभासद व लोकतंत्र सेनानी श्रीराम सैनी, काली प्रसाद जायसवाल, राकेश रस्तोगी, सभासद जगदीश सोनी, राजू गुप्ता, संतोष रस्तोगी, लल्लन कौशल, राम सुंदर पांडेय व गिरीश नारायण सिंह बबलू ने बताया कि दिन तो आपूर्ति रहती ही नहीं है।
रात में बिजली आने पर जगह-जगह खंभों से तार टूट कर गिर जाता है। नगर के इंडियन बैंक के सामने एक बाग में रखे ट्रांसफार्मर से अक्सर फ्यूज उड़ जाता है। जिससे रात में आपूर्ति मिलने के बाद भी बिजली गुल हो जाती है। लोगों ने नगर को विद्युत कटौती मुक्त करने की मांग की है।
-
- बिजली की आपूर्ति रोस्टर के हिसाब से की जा रही है। गर्मी के मौसम में लोकल फाल्ट भी बढ़ जाते ही। जिससे फाल्ट ठीक करने के लिए शटडाउन लेना पड़ता है। लाइन में ट्रिपिंग की जांच कराई जाएगी। लोगों को रोस्टर के हिसाब से आपूर्ति करने की कोशिश की जाएगी।
- वेंकटरमन, एक्सईएन प्रथम, पावर कारपोरेशन