नवाबगंज नरेंद्रपुर गांव में जांच करते थानाध्यक्ष अभय सिंह। स्रोत: सोशल मीडिया
नवाबगंज। क्षेत्र के नरेंद्रपुर और सराय खत्री गांव में सोमवार रात ड्रोन उड़ने की अफवाह से लोग दहशत में आ गए। ग्रामीणों का कहना है कि आसमान में कैमरे से लैस ड्रोन जैसी चीज दिखाई दी। यह खबर फैलते ही लोग लाठी-डंडे लेकर खेत-खलिहानों और गलियों में निकल पड़े, लेकिन कोई ड्रोन नजर नहीं आया।
सूचना पर कोल्हमपुर चौकी प्रभारी शिवकुमार यादव ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने बताया कि गांव के ऊपर ड्रोन उड़ने की पुष्टि नहीं हुई है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने भी मंगलवार शाम गांव पहुंचकर लोगों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि रात्रि में कुछ लोग चाइनीज गुब्बारा उड़ा रहे हैं। आशंका है कि कुछ शरारती तत्वों ने दहशत फैलाने के लिए यह अफवाह फैलाई हो। थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। (संवाद)