बलरामपुर। जिले में सोमवार सुबह अचानक आई आंधी व बारिश के बीच नगर के पास स्थित धुसाह गांव में 1.70 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा पीसीएफ गोदाम भरभराकर ढह गया। डीएम ने निर्माणाधीन गोदाम के ढहने की जांच सदर एसडीएम को सौंपी है। वहीं, जाफराबाद गांव में आंधी व बारिश के चलते नव निर्मित एक मकान भी ढह गया। इसके मलबे मेें दबकर दो बच्चे घायल हो गए। इन्हें निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। उधर, बारिश होने से नगरीय क्षेत्रों में जहां जगह-जगह हुए जलभराव ने सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी, वहीं इससे किसानों को काफी फायदा हुआ है। किसानों ने खरीफ की खेती का काम तेज कर दिया है। आंधी व बारिश के बीच रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के जाफराबाद गांव निवासी रियाज के नव निर्मित मकान की दीवार व छत भरभराकर ढह गई। हादसे में रियाज का पुत्र जैद (12) तथा कमरुद्दीन (10) घायल हो गए है। हादसा मकान की छत का पटरा-बल्ली निकालते समय हुआ। कच्ची चुनाई की वजह से मकान कमजोर बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने मशक्कत कर घायल बच्चों को मलबे से बाहर निकाला।
इंसेट
पानी में डूबे 1.70 करोड़ रुपये
धुसाह गांव में पीसीएफ कार्यदायी संस्था द्वारा गोदाम का निर्माण कराया जा रहा है। करीब एक करोड़ 70 लाख की लागत से बनने वाले इस गोदाम का ठेका कार्यदायी संस्था ने एक ठेकेदार को दिया है। इस गोदाम का निर्माण गड्ढे को पाटकर कराया जा रहा है। सोमवार सुबह आंधी व बारिश के बीच गोदाम भरभराकर जमींदोज हो गया। इसकी सूचना मिलते ही कार्यदायी संस्था के अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति इस बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हुआ। चर्चा है कि मानक व गुणवत्ता की अनदेखी करने के कारण ही निर्माणाधीन गोदाम ढह गया है।
इंसेट
पहले भी हो चुका जुर्माना
पीसीएफ गोदाम का निर्माण कार्य पहले भी विवादों में आ चुका है। बिना रायल्टी जमा किए ही गोदाम में मिट्टी पाटे जाने के प्रकरण में कार्यदायी संस्था पर डीएम जुर्माना भी लगा चुके हैं। अवैध मिट्टी पटान का मामला राजस्व अधिकारियों ने पकड़ा था।
होगी कठोर कार्रवाई
-नव निर्मित पीसीएफ गोदाम ढहने की सूचना मिली है। मामले की जांच करने का आदेश सदर एसडीएम इंद्रभूषण वर्मा को दिया गया है। गोदाम के निर्माण में यदि कमी पाई गई तो संबंधित संस्था पीसीएफ के अधिकारियों व ठेके दारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
-गंगाराम गुप्ता, प्रभारी डीएम/एडीएम बलरामपुर
नहीं हुआ है भुगतान
-गोदाम के निर्माण का ठेका पीसीएफ मुख्यालय द्वारा रवि यादव नाम के ठेकेदार को दिया गया था। गोदाम का निर्माण करने वाले ठेकेदार को अभी तक किसी तरह का भुगतान नहीं किया गया है। मैं आवश्यक काम से बाहर हूं। बलरामपुर पहुंचकर मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद प्रकरण में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-धर्मेन्द्र कुमार शुक्ला, जेई पीसीएफ बलरामपुर
इंसेट
बारिश के चलते नगर निकायों की खुली पोल
सोमवार सुबह अचानक हुई बारिश ने नगर निकायों की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है। मौसम की पहली ही बरसात में जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त हो गई। पाश इलाकों में नालियों का कीचड़ व गंदा पानी भर गया। बलरामपुर नगर के मोहल्ला पहलवारा, चिकनी, नई बस्ती, खलवा, गदुरहवा, नौशहरा व भगवतीगंज आदि क्षेत्रों में जलभराव के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यही हाल तुलसीपुर, पचपेड़वा व उतरौला नगर का भी रहा।