गोंडा। मनकापुर-अयोध्या मार्ग पर कोरोना के कारण बंद ट्रेनों के दोबारा संचालन को लेकर रेल प्रशासन की हरी झंडी मिल गई है। स्टेशन अधीक्षक मनकापुर प्रभाकर पांडेय ने बताया कि मनकापुर से चल कर वाया अयोध्या व फैजाबाद होते हुए प्रयागराज तक जाने वाली गाड़ियों के संचालन की अनुमति रेल प्रशासन ने दे दी है।
मनकापुर-अयोध्या रेल मार्ग पर ट्रेनें अब अपने निर्धारित समय पर चलने लगेंगी। अयोध्या व प्रयागराज के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुर्ग नौतनवा एक्सप्रेस, मनवर संगम एक्सप्रेस व सरजू एक्सप्रेस का संचालन रविवार से शुरु किया जाएगा।
स्टेशन अधीक्षक प्रभाकर पांडेय के अनुसार सरजू एक्सप्रेस रविवार को प्रयागराज से 18.10 बजे चल कर मनकापुर जंक्शन पर अगले दिन पहुंचेगी और मनकापुर से 2.50 बजे रात में प्रस्थान कर प्रयागराज अगले दिन 8.50 बजे प्रयागराज पहुंचेगी, जबकि मनवर संगम एक्सप्रेस का संचालन सोमवार से होगा, जो प्रयागराज से 4.20 बजे चल कर मनकापुर 10.08 बजे पहुंचेगी, 10.10 बजे चल कर बस्ती 11.20 बजे पहुंचेगी और वहीं से पुन: 13.50 बजे चल कर 15 बजे आयेगी।
मनकापुर से 15.05 बजे चल कर प्रयागराज 20.45 बजे पहुंचेगी। इसी क्रम में साप्ताहिक दुर्ग नौतनवा एक्सप्रेस गुरुवार को13.10 बजे मनकापुर से चल कर प्रयागराज 19.55 बजे पहुंचेगी तथा शनिवार को प्रयागराज से11 बजे चल कर 17.10 बजे मनकापुर पहुंचेगी। उक्त गाड़ियों के संचालन से मनकापुर-फैजाबाद रेल मार्ग पर यात्रा करने वालों को अब काफी राहत मिलेगी।