बभनान (गोंडा)। अमृतसर से चलकर जयनगर जाने वाली 14674 शहीद एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा कर रहे एक यात्री की मौत का मामला प्रकाश में आया है। बिहार के सुपौल जिले के सोनका गांव निवासी गंगा शाह (55) अंबाला से दरभंगा का टिकट लेकर अपने साथियों के साथ जनरल बोगी में यात्रा कर रहे थे। ट्रेन में उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई। ट्रेन बुधवार को करीब 11:50 पर बभनान रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो साथी उन्हें ट्रेन से उतारकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर ले गए। स्टेशन से अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर के प्रभारी जयप्रकाश कुशवाहा ने बताया कि यात्री की मौत पहले ही हो चुकी थी। जबकि आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर हरिराम यादव ने बताया कि ट्रेन में यात्रा करते समय हालत बिगड़ने पर दिवंगत के साथियों ने बभनान रेलवे स्टेशन पर उसे उतार लिया। बाद में उसे इलाज के लिए एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर भेजा गया।