एससीपीएम खेल मैदान में क्रिकेट मैच में शॉट लगाता खिलाड़ी। स्रोत: आयोजक
गोंडा। हारीपुर में चल रहे खेल महाकुंभ के नौवें दिन बुधवार को खिलाड़ियों ने दमखम के साथ प्रदर्शन किया। क्रिकेट मैच के पुरुष वर्ग में पैरामेडिकल की टीम व महिला वर्ग में नर्सिंग की टीम फाइनल में पहुंची।
बुधवार को पहला मैच एससीपीएम हॉस्पिटल व पैरामेडिकल के बीच खेला गया। जिसमें हाॅस्पिटल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 101 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पैरामेडिकल की टीम ने आठ ओवर चार विकेट खोकर 103 रन बनाकर जीत दर्ज की। इस तरह पैरामेडिकल की टीम फाइनल में पहुंच गई। दूसरा मैच महिला वर्ग का हुआ। इसमें नर्सिंग बी व नर्सिंग ए के बीच मुकाबला हुआ। नर्सिंग बी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 77 रन बनाए। नर्सिंग ए टीम 8.2 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। आराध्या 23 गेंदों पर 34 रन बनाकर नाबाद रहीं।
इससे पहले बुधवार को खेल का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडलायुक्त शशिभूषण लाल सुशील व डीआईजी अमित पाठक ने किया। सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, नवाबगंज के ब्लॉक प्रमुख सुमित भूषण सिंह व सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। संस्थान के चेयरमैन डॉ. ओएन पांडेय, अजिताभ दुबे, प्रशासक धीरज दुबे, डाॅ. आयुष पांडेय, प्राचार्य डॉ. कलई सेल्वी जेवियर, डाॅ. तारकेश्वर प्रसाद शुक्ल आदि मौजूद रहे।