गोंडा। बहुचर्चित पंचायत सचिव नौशाद अहमद अंसारी के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि पंचायत सचिव ने अपने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर भड़काऊ पोस्ट वायरल की है। साथ ही नेताओं को लेकर अभद्र टिप्पणी भी की है। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है।
पंचायत सचिव नौशाद ने हाल ही में जिला पंचायत अध्यक्ष के भाई व बेटे के खिलाफ मोर्चा खोला था। इससे पहले झंझरी के क्षेत्र पंचायत प्रमुख प्रतिनिधि आशीष मिश्र और हलधरमऊ क्षेत्र के कई भाजपा पदाधिकारियों से भी अभद्रता का नौशाद पर आरोप लग चुका है। तीन दिन पहले ही दर्जनभर जिला पंचायत सदस्यों ने डीएम से मिलकर नौशाद की हरकतों की लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी। इस पर डीएम ने डीपीआरओ को पंचायत सचिव के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया था।
झंझरी-चतुर्थ से जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि सुशील कुमार शुक्ल ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर ग्राम पंचायत अधिकारी नौशाद अहमद के खिलाफ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। सुशील ने नगर कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा कि ग्राम पंचायत अधिकारी नौशाद अहमद ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डाली है। इसके साथ ही वर्तमान व्यवस्था को बदलकर दूसरी व्यवस्था लागू करने की बात कही है। धारा 370 और तीन तलाक के कानून को लेकर भी अभद्र भाषा में पोस्ट की है। इससे आहत होकर जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
नगर कोतवाल संजय गुप्ता ने बताया कि पंचायत सचिव नौशाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। नौशाद की तलाश में टीमें लगाई गईं हैं। शीघ्र उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
डीपीआरओ लालजी दूबे ने बताया कि आरोपों को लेकर ग्राम पंचायत अधिकारी नौशाद अहमद को नोटिस देकर जवाब तलब किया गया है। अभी नोटिस का जवाब नहीं मिला है। जवाब मिलने के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।