गोंडा। 30वीं वाहिनी पीएसी को जल्द ही 571 नए आरक्षी मिलेंगे। भर्ती आरक्षियों का मेडिकल परीक्षण शुरू हो गया है। यह प्रक्रिया 20 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद चरित्र सत्यापन कराकर उन्हें एक माह का व्यावहारिक और नौ माह का बुनियादी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सेनानायक त्रिभुवन सिंह ने बताया कि पांच जिलों के अभ्यर्थी आरक्षी पद पर भर्ती हुए हैं। इनमें गोंडा के 112 पुरुष और 16 महिला, कुशीनगर के 129 पुरुष और 18 महिला, महराजगंज के 84 पुरुष और 13 महिला, संतकबीरनगर के 144 पुरुष और 30 महिला तथा सिद्धार्थनगर के 23 पुरुष और दो महिला आरक्षी शामिल हैं। इस तरह कुल 492 पुरुष और 79 महिला आरक्षियों का मेडिकल परीक्षण कराया जाना है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को संतकबीरनगर के 72 पुरुष आरक्षियों की स्वास्थ्य जांच कराई गई। 20 नवंबर को सभी महिला आरक्षियों का एक साथ मेडिकल परीक्षण होगा। इसके बाद चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराकर आरक्षियों को प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने पर उनकी परीक्षा ली जाएगी और शारीरिक दक्षता का मूल्यांकन भी किया जाएगा।