गोंडा। 30वीं वाहनी पीएसी परेड ग्राउंड पर मंगलवार को छह माह से प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों की पॉसिंग आउट परेड हुई। पॉसिंग आउट परेड में रिक्रूट जवानों में उत्साह दिखा। परेड के बाद पीएसी को 236 जवान मिल गए। आईजी पीएसी अपर्णा कुमार ने जवानों को प्रमाण पत्र वितरित किया। साथ ही सेवा के मंत्र भी बताए।
पॉसिंग आउट परेड की मुख्य अतिथि आईजी पीएसी मध्यजोन अपर्णा कुमार ने परेड की सलामी ली और 236 रिक्रूट आरक्षियों को अपने कर्तव्यों का सफलता पूर्वक निर्वहन करने के लिए पद की शपथ दिलाई। रिक्रूट आरक्षियों को नियमित व्यायाम, अध्ययन व बेसिक पुलिसिंग के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि पीएसी का जवान जनसेवा के लिए जाना जाता है। पीएसी के सम्मान का मौलिक आधार उच्चकोटि की सत्य निष्ठा एवं ईमानदारी है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, पीएसी के अधिकारी, प्रशिक्षक समेत पीएसी के जवान मौजूद रहे।
सुजीत व कृष्ण कुुमार को शील्ड देकर किया सम्मानित
आईजी पीएसी ने अंत: कक्षीय व साक्षात्कार विषयों में प्रथम स्थान पाने वाले रिक्रूट आरक्षियों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर उनकी हौसला अफजाई की। संपूर्ण परेड का संचालन कर रहे रिक्रूट आरक्षी सुजीत सिंह व संपूर्ण परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर रिक्रूट आरक्षी कृष्ण कुमार यादव को प्रमाण पत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
इन्हें मिला प्रशस्ति पत्र
पॉसिंग आउट परेड के बाद आईजी ने रिक्रूट आरक्षियों के कुशल प्रशिक्षण के लिए सेनानायक त्रिभुवन सिंह, उप सेनानायक उमेश कुमार यादव, सहायक सेनानायक जय प्रकाश सिंह, शिविर पाल शिव कुमार, सुबेदार, सैन्य सहायक व प्रभारी आरटीसी अनुराग यादव, आउटडोर प्रभारी शंभू मिश्रा, इनडोर प्रभारी कुलदीप पांडेय व आरटीसी मेजर प्रेमचंद्र व रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण कार्य में लगे सभी प्रशिक्षकों की सराहना की और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।