बालपुर (गोंडा)। बालपुर क्षेत्र में चोरी का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। एक सप्ताह से परसपुर रोड पर लगातार चोर दुकानों को निशाना बना रहे हैं। शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने अवध एजेंसी के पीछे की दीवार में नकब लगाकर 1.5 लाख नगद व करीब 6 लाख का सामान उठा ले गये। इस एजेंसी से हिंदुस्तान लीवर का सामान थोक सप्लाई करने का काम होता है। एजेंसी के मालिक जब सुबह दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। 112 नम्बर व कोतवाली की पुलिस जांच करने में जुटी हुई है।
थाना परसपुर के सेमरी गांव निवासी शिवशंकर पांडेय बालपुर परसपुर रोड पर फतेहपुर गांव के पास कोतवाली देहात क्षेत्र में अवध एजेंसी के नाम से हिंदुस्तान लीवर का सामान थोक बिक्री का काम करते हैं। शनिवार शाम करीब 8 बजे शिवशंकर एजेंसी बंद करके अपने आवास सेमरी चले गये। उन्होंने बताया कि जब सुबह दुकान खोलने के लिए आये तब चोरी की जानकारी हुई। दुकान के पीछे दीवार काटकर अज्ञात चोर अंदर घुसकर काउंटर में रखा 1.5 लाख नगद व कम्प्यूटर, एलसीडी, सीपीयू, सीसीटीवी कैमरा सहित 6 लाख का समान उठा ले गये। कोतवाली देहात के उपनिरीक्षक अमर सिंह ने अपने हमराही भारत सिंह, सुनील कुमार के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शिवशंकर पांडेय ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।