मनकापुर तहसील में बिजली गुल होने पर मोबाइल की रोशनी में शिकायती पत्र पढ़तीं डीएम प्रियंका निरंज
मनकापुर (गोंडा)। संपूर्ण समाधान दिवस में सोमवार को अफसरों को भी बिजली की समस्या से जूझना पड़ा। बिजली गुल होने पर डीएम प्रियंका निरंजन ने मोबाइल की रोशनी में फरियाद सुनी। उनके समक्ष छपिया के ग्राम नेडिया खुर्द बभनीपायर निवासी शंभूनाथ फरियाद लेकर पेश हुए। कहा कि अंश निर्धारण खतौनी के लिए बार-बार तहसील का चक्कर लगाकर हार चुका हूं। कंप्यूटर में फीड करके खतौनी नहीं दी जा रही है। डीएम ने तत्काल कंप्यूटर में खतौनी फीड कराकर उन्हें खतौनी सौंप दी।
ग्राम अमघटी मल्हीपुर निवासी शिव प्रसाद ने कहा कि चकमार्ग पर अवैध कब्जा है, सुनवाई नहीं हो रही है। डीएम ने एसडीएम को निर्देशित किया कि पुलिस बल के साथ राजस्वकर्मियों को भेजकर आज ही चकमार्ग को खाली कराया जाए। हरनाटायर के लोनियन पुरवा निवासी सुनीता ने कहा कि उनके घर के सामने रास्ते में पानी भरा रहता है। जिससे फिसलकर कई लोग चोटिल हो चुके हैं। आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। ग्राम बगदर ग्रंट छपिया निवासी राजेंद्र ने कहा कि कुछ लोगाें ने चकमार्ग को जोतकर अपने खेत में मिला लिया है, जिससे आने-जाने में परेशानी होती है।
ग्राम बगदरग्रंट के श्यामलाल ने खलिहान की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। ग्राम शाहनगर की गीता देवी ने खड़ंजा उखाड़ने की शिकायत की। डीएम ने चक मार्गों पर अतिक्रमण की अधिक शिकायतें मिलने पर निर्देश दिया कि राजस्व निरीक्षक, लेखपाल व बीट दरोगा मौके पर जाकर अतिक्रमण हटवाकर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट दें। यहां 148 में से सात शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस मौके पर एसपी विनीत जायसवाल, सीडीओ अंकिता जैन, सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा, एसडीएम अवनीश त्रिपाठी, सीओ उदित नारायण पालीवाल, बीडीओ गौरीशा श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।