गोंडा। कटरा बाजार-करनैलगंज मार्ग पर बरवलिया गांव के पास ई रिक्शे की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे सीएचसी पहुंचाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
रुपईडीह के फरेंदा शुक्ल गांव की रहने वाली सीता देवी (60) रविवार को अपने बेटे रामशंकर के साथ बाइक से करनैलगंज बाजार जा रही थीं। पहाड़ापुर बाजार से थोड़ा आगे बरवलिया के पास ई रिक्शा से बाइक की टक्कर हो गई। इससे सीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में ई रिक्शा चालक को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल सीता देवी को सीएचसी पहुंचाया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुज कुमार ने बताया कि सिर में गंभीर चोट और काफी रक्तस्राव हो जाने से महिला की रास्ते में ही मौत हो चुकी थी। कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के संबंध में तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।