गोंडा। नवाबगंज क्षेत्र के दुल्लापुर मल्लाहन पुरवा पश्चिमी गांव निवासी एक युवक का शव संदिग्ध हालात में रविवार को घर के दरवाजे पर पड़ा मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव निवासी कृष्णावती ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे वह काम से जा रही थीं, तभी उन्होंने अपने देवर रामविलास यादव (40) को घर के दरवाजे पर पड़ा देखकर शोर मचाया। आसपास के लोग पहुंचे तो पता चला कि रामविलास की मौत हो चुकी है। कृष्णावती के मुताबिक उनके देवर 15 साल पहले दिल्ली में रहते थे। उसके बाद शादी करके घर आ गए और यहीं रहकर अयोध्या में चने की फेरी लगाते थे। पत्नी तीन साल पहले उन्हें छोड़कर चली गई थी। तभी से वह अपनी बेटी काजल (12), बेटे ताराचंद (8) व कन्हैया (05) के साथ रह रहे थे।
कोतवाल निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का पता स्पष्ट हो सकेगा।