तहसील दिवस सरकार की प्राथमिकता का कार्यक्रम है तथा इसका आयोजन जनता को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से किया जाता है। इसलिए तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों को सभी अधिकारी गंभीरता से लें।
विगत माह तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों में से 60 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए प्रकरणों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।
मंगलवार को यह निर्देश डीएम अजय कुमार उपाध्याय ने तहसील करनैलगंज में आयोजित तहसील दिवस के मौके पर फरियादियों की समस्याएं सुनने के दौरान दिए।
तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा के दौरान ज्ञात हुआ कि पुलिस विभाग के 18, राजस्व विभाग के नौ, विकास विभाग के नौ तथा अन्य विभागों के 24 मामलों सहित कुल 60 मामले निस्तारण के लिए लंबित हैं।
इस पर डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। तहसील दिवस में ग्राम अशोकपुर बन्जरिया थाना कटरा निवासी ठाकुर प्रसाद ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि उसकी जमीन पर डीएम के आदेश के बावजूद लोक निर्माण विभाग द्वारा जबरन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है,
जबकि पूर्व में राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश करके पत्थर लगा दिया गया था, जिसे विभाग द्वारा उखाड़ दिया गया। इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर जाकर मामले के निस्तारण के आदेश राजस्व निरीक्षक को दिए।
परसपुर थाना क्षेत्र निवासी पवन सिंह ने जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर दबंगों द्वारा कब्जा कर ली गई जमीन की पैमाइश कराकर उसकी जमीन अलग कराने का अनुरोध किया। इस प्रकरण पर डीएम ने संबंधित राजस्व निरीक्षक को पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर जमीन की पैमाइश कराने के निर्देश दिए हैं।
कटरा बाजार बसंतपुर डीहा निवासी गोलीराम ने प्रार्थनापत्र देकर गांव के ही स्वामीनाथ यादव पर आरोप लगाया कि विपक्षी द्वारा उसकी जमीन का फर्जी बैनामा करा लिया गया है और विपक्षी उसे पैसा भी नहीं दे रहा है।
इस प्रकरण पर जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष कटरा को मामले की जांच करके दोषी के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। हलधरमऊ निवासी राजन ने अपनी मां के लिए विधवा पेंशन तथा भंभुआ निवासी सतेंद्र सिंह ने बीपीएल सूची में नाम सही कराने का अनुरोध किया।
इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। तहसील दिवस में पुलिस अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह यादव, एसओसी रवींद्र सिंह, एसडीएम करनैलगंज वीके सिंह, नायब तहसीलदार नवीन प्रसाद आदि मौजूद रहे।