टाउनहॉल में देशी आम की खटाई चखती जिलाधिकारी व सीडीओ। -संवाद
गोंडा। नोएडा में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो की तर्ज पर जिले के गांधी पार्क में बृहस्पतिवार को स्वदेशी मेले का शुभारंभ किया गया। मंडलायुक्त शशिभूषण लाल सुशील, डीएम प्रियंका निरंजन, सीडीओ अंकिता जैन व जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। डीएम ने कुट्टु का आटा, सफाई के समान व अचार खरीदा। डीएम व सीडीओ ने कौशल विकास मिशन की छात्राओं से हाथों में मेहंदी लगवाई। जिला पंचायत अध्यक्ष व मंडलायुक्त ने भी स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करते हुए अन्य लोगों से भी स्वदेशी उत्पाद अपनाने की अपील की।
डीएम ने कहा कि स्वदेशी मेले में एक ओर जहां अरगा ब्रांड के उत्पाद मिलेंगे तो दूसरी ओर देसी गुड़, मशरूम, स्वादिष्ट अचार, दाल और डेयरी उत्पाद के साथ ही बेकरी व मिट्टी से बने सामान भी मिलेंगे। 10 दिन तक सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक स्वदेशी सामान की खरीद की जा सकेगी। उद्योग उपायुक्त बाबूराम ने बताया कि देशी उत्पादों के साथ ही दीपावली पर जिले के लोग छूट के साथ सामान अपने घर ले जा सकेंगे। (संवाद)