वजीरगंज। एक महिला को नशे की दवा खिलाकर अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल कर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है। पति के एक परिचित रविंद्र सिंह निवासी महादेवा जनपद बलरामपुर ने करीब एक वर्ष पूर्व उसे नशे की दवा खिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगा और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की।
महिला ने जब इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने 29 जनवरी को वह वीडियो उसके गांव के ही एक व्यक्ति के मोबाइल पर भेज दिया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति वीडियो को गांव में लोगों को दिखाकर बदनाम कर रहा है। विरोध करने पर आरोपी ने अभद्रता की और जान से मारने की धमकी भी दी।
थानाध्यक्ष विपुल कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस साइबर साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।