गोंडा। शहर के फोरबिसगंज में किराए के मकान में रहने वाले शिक्षक की हत्या के आरोपी पर पुलिस ने रासुका के तहत कार्रवाई की है। अंबेडकरनगर के लालपुर भषमापुर निवासी शिक्षक कृष्णकुमार यादव सिविल लाइंस क्षेत्र में लखनऊ हाइवे से सटे फोरबिसगंज में साबिर नामक व्यक्ति के यहां किराए के मकान में रहते थे।
इटियाथोक के जनता इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापक कृष्णकुमार यादव की 30 जनवरी को किराए के मकान में ही हत्या हो गई थी। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि शाम को एक युवक व एक युवती वहां आए थे। वो दोनों रात आठ बजे गए थे। ये दोनों अक्सर कृष्णकुमार के कमरे पर आते थे। पुलिस ने जांच शुरू की तो कोतवाली नगर क्षेत्र के नेवलगंज निवासी संदीप यादव व जग्गा का नाम सामने आया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया था। एसपी आकाश तोमर ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट की संस्तुति पर आरोपी संदीप यादव पर रासुका के तहत कार्रवाई की गयी है।