खोड़ारे। विकासखंड बभनजोत की साधन सहकारी समिति अलीपुर में बुधवार को यूरिया खाद के वितरण के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोगों ने जबरन अधिक मात्रा में खाद लेने की कोशिश शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख सचिव को वितरण रोकना पड़ा, जिससे दर्जनों गांवों से आए किसान खाली हाथ लौट गए।
समिति पर 500 बोरी यूरिया खाद आने की सूचना पर सुबह से ही किसानों की लंबी कतार लग गई थी। शुरुआत में अंगूठा निशान लेकर किसानों को दो-दो बोरी खाद दी जा रही थी। करीब 195 बोरी का वितरण हो चुका था, तभी दूसरी समिति से आए कुछ लोगों ने 8 से 10 बोरी यूरिया देने की मांग शुरू कर दी और हंगामा कर दिया। समिति सचिव रणविजय यादव ने बताया कि कुछ लोग जबरन अधिक मात्रा में खाद मांगने लगे, जिससे व्यवस्था बिगड़ गई और वितरण रोकना पड़ा। सचिव ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है। उन्होंने बताया कि शेष 305 बोरी यूरिया खाद का वितरण अब पुलिस की मौजूदगी में किया जाएगा।