टिकरी रेलवे स्टेशन। स्रोत: सोशल मीडिया
गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने मनकापुर से टिकरी रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक दोहरीकरण और झिलाही से टिकरी के बीच वाई आकार में नई रेलवे लाइन बिछाने के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत सबसे पहले जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इसके बाद रेलवे लाइन बिछाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस पर 280 करोड़ 17 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
एनई रेलवे की निर्माण इकाई खंड ने मनकापुर से टिकरी के बीच रेल खंड के दोहरीकरण के साथ ही झिलाही से टिकरी स्टेशन के बीच वाई आकार की नई रेलवे लाइन (28.37 किलोमीटर) बिछाने के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। उम्मीद है कि सितंबर के अंत से काम शुरू हो जाएगा।
मनकापुर से टिकरी के बीच ट्रैक दोहरीकरण होने से अयोध्या धाम जाने के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी। साथ ही क्रॉसिंग से भी मुक्ति मिल जाएगी। जिससे ट्रेनें कम समय में अधिक दूरी तय कर सकेंगी। झिलाही से टिकरी के बीच वाई आकार की रेलवे लाइन बनेगी। इससे गोंडा से मनकापुर आने-जाने वाली सभी ट्रेनों व मालगाड़ियों के इंजन बदलने की प्रक्रिया से छुटकारा मिल जाएगा। करीब 45 मिनट का समय भी बचेगा। यही नहीं जो ट्रेनें गोंडा से मनकापुर होकर अयोध्या जाती थीं, वह टिकरी होकर अयोध्या धाम के लिए संचालित होंगी। इससे करीब 40 मिनट का समय बचेगा। इसके साथ ही प्रयागराज व वाराणसी से गोंडा तक भी ट्रेनों का संचालन शुरू होगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) अभय कुमार गुप्ता के अनुसार जल्दी ही कार्य शुरू हो जाएगा।