गोंडा। राजस्व वसूली और शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले बिजली विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता ने समीक्षा बैठक के बाद 12 अवर अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पांच उपखंड अधिकारियों (एसडीओ) को नियम-10 के तहत नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि अधिकारियों को गांवों में शिविर लगाकर बिलों का संशोधन कराने, खराब मीटर बदलवाने, बकायेदारों के कनेक्शन काटने तथा घर-घर संपर्क कर राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। 24 जून को हुई समीक्षा में पाया गया कि कई अधिकारियों ने शिविर नहीं लगाए। वसूली के लिए अभियान नहीं चलाया। अवर अभियंता संतराम (धीरधुनही), मोबीन अहमद (कैलाशपुरी), अनीश कुमार पांडेय (गहसी), राजकुमार पाल (जमुनहा), अर्जुन कुमार पाल (दुबहा), बृजेश कुमार (बेहड़ा), प्रशांत त्रिपाठी (कटिलिया चौराहा) और विनोद कुमार गौतम (चिरैयाटांड़) समेत 12 अवर अभियंताओं को नोटिस जारी किया गया है।
समीक्षा में पांच किलोवाट से अधिक भार वाले वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं से अपेक्षित राजस्व वसूली नहीं होने की बात भी सामने आई। वसूली में उदासीनता मिलने पर नवाबगंज के उपखंड अधिकारी पीयूष सिंह, तरबगंज के मुकेश कुमार, वजीरगंज के विकास चंद्र यादव समेत पांच एसडीओ को नियम-10 के तहत नोटिस जारी किया गया है। (संवाद)