इटियाथोक बखरवा में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र। - संवाद
गोंडा। डीपीआरओ ने इटियाथोक ब्लॉक के पांच ग्राम पंचायत अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस आंगनबाड़ी केंद्र भवन के निर्माण में लापरवाही बरतने के आरोप में दिया गया है।
विभागीय समीक्षा बैठक में सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 के कई आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन अधूरे हैं। ग्राम पंचायत बखरवा और मेहनौन में शत-प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। जहांदरिया में भी कार्य अधूरा है। जगतापुर में छत स्तर तक ही निर्माण हुआ है। मध्यनगर में केवल प्लिंथ स्तर तक कार्य हुआ है। गोसेंद्रपुर और फरेंदा कानूनगो में भी निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूरा नहीं हुआ है। इस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई है। नोटिस में अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर संबंधित ग्राम पंचायतों में आंगनबाड़ी भवन का निर्माण शत-प्रतिशत पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया है। उन्हें यह भी स्पष्ट करना होगा कि किन परिस्थितियों में कार्य अधूरा रहा। यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं हुआ तो अप्रैल का वेतन रोक दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारी स्वयं उत्तरदायी होंगे। डीपीआरओ लालजी दूबे ने बताया कि संदीप कुमार, मिथिलेश पांडेय, शैलेंद्र कुमार मौर्य, नववर्षांकुर नरायन शर्मा और हरीश चंद्र शुक्ल को नोटिस दिया गया है।