ऐली परसौली में अधीक्षक से जानकारी लेते सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल।
गोंडा। बाढ़ प्रभावित ऐली परसौली में बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने पर एंबुलेंस नहीं मिलने और उन्हें ई रिक्शा से अस्पताल ले जाने की खबर का बड़ा असर हुआ है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद डीएम प्रियंका निरंजन के निर्देश पर सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल ने बेलसर सीएचसी के अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बाढ़ चौकी पर तैनाती के बावजूद मौके से एंबुलेंस लेकर चले जाने वाले चालक की बर्खास्तगी के लिए पत्र भेजा गया है।
उमरी क्षेत्र के ऐली परसौली के बाबूराम पुरवा निवासी करीब 80 वर्षीय श्यामलाल की तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की जरूरत थी। एंबुलेंस समय से नहीं मिलने पर उन्हें पहले नाव से बांध तक और फिर अन्य साधन से अस्पताल पहुंचाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएमओ ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में एंबुलेंस को बाढ़ चौकी पर तैनात किया गया था। इसके बावजूद चालक वहां से वाहन लेकर चला आया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एंबुलेंस कंपनी को चालक की बर्खास्तगी के लिए पत्र भेजा गया है। एंबुलेंस के जिला प्रभारी से भी जवाब मांगा गया है।
सीएमओ ने बताया कि सीएचसी अधीक्षक से भी जवाब मांगा गया है। उनसे पूछा गया है कि बाढ़ चौकी से एंबुलेंस चालक के चले जाने की जानकारी अधिकारियों को समय से क्यों नहीं दी गई। मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं।
रात में गांव पहुंचे सीएमओ, देखी व्यवस्थाएं
डीएम के निर्देश पर सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल रात में ऐली परसौली पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं राहत व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर मौजूद टीमों से जानकारी लेने के साथ जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में भी जानकारी ली।
ऐली परसौली में अधीक्षक से जानकारी लेते सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल।