खरगूपुर (गोंडा)। चार दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ व्यक्ति की मौत के मामले में मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। मामला स्थानीय थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत नौशहरा के मजरा परसापुर का है। यहां गुरुवार को जगदीश प्रसाद (75) व गांव के राम उदार से जमीन की पैमाइश को लेकर विवाद हो गया था। जिसमें हथापायी में जगदीश प्रसाद को चोटें लग गयी थी।
मृतक के पुत्र राम गोपाल का आरोप है कि विवाद के दौरान हुई हथापायी में उसके पिता को चोटें आईं थी। उसके बाद अस्पताल लाते समय रास्ते में मौत हो गयी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र राम गोपाल की तहरीर पर गांव के राम उदार, आशुतोष, रामनाथ व जैस कुमार के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी की गयी है।