करनैलगंज में रामलीला प्रस्तुत करते कलाकार। -संवाद
करनैलगंज। नगर के रामलीला मैदान में शुक्रवार देर शाम अंगद पदारोपण और मोर्चाबंदी लीला का सजीव मंचन किया गया। इसमें दिखाया गया कि समुद्र पर सेतु पार कर भगवान श्रीराम वानर सेना के साथ लंका पहुंचते हैं। इसके बाद अंगद को शांति दूत बनाकर रावण के दरबार में भेजा जाता है। उचित आसन न मिलने पर अंगद अपनी पूंछ का सिंहासन बनाकर उस पर बैठ जाते हैं। वह रावण को माता सीता को सम्मानपूर्वक वापस भेजकर युद्ध टालने की सलाह देते हैं लेकिन रावण बात नहीं मानता। इसके बाद अंगद सभा में पैर जमाकर चुनौती देते हैं कि कोई वीर उनका पैर हिलाकर दिखाए। रावण के आदेश पर कई योद्धा प्रयास करते हैं लेकिन सफल नहीं होते। अंत में रावण स्वयं आगे बढ़ता है तो अंगद कहते हैं, ''जाओ, श्रीराम के चरण पकड़ो, वही तुम्हारा कल्याण करेंगे।'' इस दृश्य पर दर्शकों ने श्रीराम के जयकारे लगाए।
करनैलगंज में रामलीला प्रस्तुत करते कलाकार। -संवाद