तरबगंज। उदवत नगर बरइन पुरवा निवासी रमेश कुमार की पत्नी रोशनी (22) का शव घर में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पति व चार ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कौड़िया के खाले जमथरा निवासी छविलाल ने बताया कि बेटी रोशनी की शादी बीते 05 जून को रमेश कुमार से हुई थी। दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले रोशनी को प्रताड़ित करते थे। बीते चार जनवरी को ससुराल वालों ने फोन करके रोशनी की मौत की सूचना दी। परिवार के लोगों के साथ बेटी की ससुराल पहुंचे तो शव कमरे में छत के हुक में साड़ी से बंधे फंदे से लटका मिला।
कोतवाल केके त्रिपाठी ने बताया कि मायके वालों का आरोप है कि ससुराली जन बाइक व दो लाख रुपये मांग रहे थे। मृतका के पिता के तहरीर पर पति रमेश, ससुर दौलतराम, सास, ननद ननकई व मोनिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है। (संवाद)