बलरामपुर। थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव में एक नवविवाहिता की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की मां के तहरीर पर दहेज हत्या के आरोप में पति समेत चार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाली जरवा क्षेत्र के बालापुर गांव निवासिनी मृतका की मां रुखसाना ने बताया कि 20 मई 2024 को पुत्री नाजिमा (18) की शादी हरैया थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव निवासी अकबर अली के साथ किया था। बेटी विदाई के बाद मात्र दो बार मायके आई थी। ससुराल वाले दहेज में बुलेट व तीन लाख रुपये की मांग करते थे। बताया कि सोमवार को करीब दो बजे ससुराल वालों ने उसे सूचना दिया कि तुम्हारी बेटी के बेड से नीचे गिरने से गले में दुपट्टा फंस गया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। अस्पताल पहुंचने पर देखा तो बेटी के गले में फंदे का निशान बना हुआ था। उसकी बेटी की गला दबाकर हत्या की गई है। प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार ने बताया कि मृतका की मां के तहरीर पर पति अकबर अली समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।