इटियाथोक। एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, सीएमओ का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।
देहात कोतवाली क्षेत्र के सिसऊर अंदूपुर निवासी श्याम सुंदर गुप्त ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी रजनी को प्रसव के लिए बृहस्पतिवार को हर्रैया झूमन स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप है कि चिकित्सकों ने सामान्य प्रसव का भरोसा दिलाकर भर्ती किया, लेकिन देर रात ऑपरेशन कर दिया।
परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन से बच्ची पैदा हुई, लेकिन उन्हें नवजात को ठीक से देखने नहीं दिया गया। शुक्रवार सुबह बच्ची को कपड़े से ढंककर दूर से दिखाया गया। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के शरीर पर जख्म था और उस पर पट्टी बंधी थी। श्याम सुंदर का कहना है कि उस समय बच्ची की सांसें चल रही थीं, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है। फिर भी सीएचसी अधीक्षक को पूरे मामले की जांच करके रिपोर्ट देने को कहा गया है।