गोंडा। साल के पहले दिन हर किसी की हसरत होती है कि यह उनके लिए खास हो। जीवन में खुशियां लाएं। ऐसे ही 31 घरों में नया साल खुशियां लेकर आया है। इन घरों में बुधवार को किलकारियां गूंज उठीं। शहर की रजिया ने बेटे को जन्म दिया तो चंद्रावती के घर लक्ष्मी का आगमन हुआ।
रजिया को प्रसव पीड़ा होने पर जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार रात 12 बजकर आठ मिनट पर सामान्य प्रसव से बेटे का जन्म हुआ। इससे नए साल के साथ बेटे के जन्म की खुशियां दोगुनी हो गईं।
इसी प्रकार इटियाथोक की चंद्रावती को 12 बजकर 34 मिनट पर सामान्य प्रसव से बेटी हुई। पिता रवि लक्ष्मी के जन्म पर फूले नहीं समा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए साल पर पहली संतान बेटी होना किसी सौभाग्य से कम नहीं है। हमारा पूरा परिवार बहुत खुश है।
इसी प्रकार जिला महिला अस्पताल में बुधवार दोपहर 12 बजे तक आठ नवजातों की किलकारी गूंजी। वहीं जिले के पांच निजी नर्सिंग होम में 23 बच्चों ने जन्म लिया। सभी की सामान्य डिलीवरी हुई। महिला अस्पताल की प्रसव कक्ष प्रभारी स्नेहलता पांडेय ने बताया कि नए साल पर मां बनने वाली हर प्रसूता व उनके परिजन बहुत खुश हैं।
ऑपरेशन कराने को भी मची होड़
नए साल के पहले दिन ऑपरेशन कराने को लेकर होड़ मची हुई है। सुबह से ही लोग ऑपरेशन के लिए डॉक्टर से मनुहार करते रहे। दोपहर दो बजे के बाद ऑपरेशन शुरू हुआ। सर्जन डॉ. सौम्या चौबे ने बताया कि 20 गर्भवतियां आपरेशन के लिए पहुंचीं। हर व्यक्ति नए साल में ऑपरेशन कराना चाह रहा है।