बलरामपुर। खलीलाबाद-बहराइच के लिए नई रेल लाइन को लेकर बलरामपुर में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। बजट में इस रेल लाइन के लिए 390 करोड़ की व्यवस्था की गई है। इस रेल लाइन के बन जाने से यहां के लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी। इसके लिए श्रावस्ती के सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने रेल मंत्री से मुलाकात कर काम जल्द शुरू कराने के लिए पत्र भी दिया है।
खलीलाबाद से बहराइच के लिए नई रेल लाइन बनाई जानी है। प्रथम चरण में खलीलाबाद से बांसी तक 55 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के लिए करीब 260 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। इसके बाद अब बलरामपुर के उतरौला में भी यह प्रक्रिया की जानी है। इसको लेकर किए गए सर्वे में उतरौला के 38 गांव आ रहे हैं।
एसडीएम उतरौला एसके ओझा ने बताया कि क्षेत्र के 38 गांवों का सर्वे कराकर रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। उच्चाधिकारियों का जो भी आदेश आएगा, उसके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक बलरामपुर में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पर काम चल रहा है।
वैसे इस पूरी परियोजना पर कुल 1060 हेक्टेयर जमीन की आवश्यकता है। इसके लिए पहले चरण में संतकबीर नगर व सिद्धार्थ नगर में अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद बलरामपुर में जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रावस्ती द्ददन मिश्र का कहना है कि इस रेल मार्ग के लिए सरकार ने बजट में धनराशि भी जारी कर दी है। अति शीघ्र प्रक्रिया शुरू करने के लिए रेल मंत्री को पत्र लिखा जा रहा है।
240 किमी में बनेंगे 48 स्टेशन
पूर्वोत्तर रेलवे ने 240 किमी लंब इस रेल मार्ग में कुल 48 स्टेशन बनाने की योजना बनाई है। जिसमें 32 बड़े स्टेशन, 12 हाल्ट स्टेशन व चार जंक्शन बनाए जाएंगे। साथ ही इस रेल मार्ग पर नौ ओवर ब्रिज, 16 क्राॅसिंग, 32 बड़े पुल, 86 छोटे पुल व 132 अंडर पास भी बनाए जाने की योजना है। इन स्थलों का चयन किया जा चुका है।
चल रही प्रक्रिया पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि खलीलाबाद-बहराइच नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लक्ष्य निर्धारित कर पूरी की जा रही है। खलीलाबाद से बांसी के मध्य भूमि अधिग्रहण शुरू है। बांसी तहसील में भूमि अधिकार मिलना शुरू हुआ है। इसके लिए टेंडर की भी प्रक्रिया चल रही है, जमीन मिलते ही कार्य शुरू किया जाएगा।
रेल लाइन को लेकर रेलमंत्री से मिले सांसद
बलरामपुर। श्रावस्ती सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने गत दिवस केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से नई दिल्ली में मुलाकात कर पत्र सौंपा। जिसमें कहा गया है कि बहराइच-खलीलाबाद वाया भिनगा, श्रावस्ती, बलरामपुर, उतरौला, डुमरियागंज, मेंहदावल व बांसी तक 240 किलोमीटर रेल लाइन के लिए 4939 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई थी। 5 वर्ष बाद भी इस परियोजना में प्रारंभिक कार्य अभी तक शुरु नहीं किए गए हैं। उन्होंने इस रेलवे लाइन परियोजना को जल्द से जल्द शुरु करने की मांग की है। सांसद ने बताया कि रेल मंत्री ने भरोसा दिया है कि जल्द से जल्द काम शुरू करा दिया जाएगा। संवाद