गोंडा। कोरोना संकट से बंद तहसील दिवस लंबे समय बाद नए सिरे से शुरू हुआ। पहले दिन ही समस्याओं की झड़ी लगी रही। किसानों ने गन्ना भुगतान न होने का मामला उठा वहीं परसपुर में बेलई नाला निर्माण के बाद डायवर्जन न हटाने का मामला आया।
डायवर्जन बने होने से कस्बे में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। फर्जी दस्तावेज पर चल रहे इंटर कालेज का मामला भी गूंजा। शनिवार को आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने मामलों को गंभीरता से लिया और कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने हर मामले में रिपोर्ट तलब की है। पुलिस अधीक्षक संतोष मिश्र ने पुलिस से संबंधित मामलों में कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला स्तरीय तहसील दिवस करनैलगंज में आयोजित हुआ।
जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस तहसील करनैलगंज में जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जहां पर विधायक कटरा बाजार बावन सिंह भी रहे। अनुपस्थित चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब प्राप्त करने के आदेश दिए है।
जनशिकायतों की सुनवाई के दौरान उन्होंने करनैलगंज में कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर शिव नरायण सिंह इंटर कालेज की मान्यता रद्द करते हुए एफआईआर दर्ज कराने, बुढ़वलिया करनैलगंज में खलिहान की भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले व्यक्ति के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराकर कब्जामुक्त कराने का निर्देश दिया।
रक्सड़िया परसपुर निवासी ननके के पिता रामसरन को गायब कर देने की शिकायत पर एसओ परसपुर को विपक्षियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर बरामदगी कराने के आदेश दिए हैं।
समाधान दिवस में शारदा प्रसाद पुत्र भाईलाल निवासी कोनहटा भुलियापुर ने बताया कि उसके गांव में विगत डेढ़ वर्षों से सफाईकर्मी द्वारा सफाई कार्य नहीं किया गया है। डीएम ने आदेश दिए कि संबंधित सफाईकर्मी के विरूद्ध जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाए।
कृपाशंकर सिंह मोहम्मदपुर निवासी गढ़वार थाना परसपुर ने डीएम को प्रार्थनापत्र देकर अवगत कराया कि उसकी जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। बार-बार प्रार्थनापत्र देने के बाद विपक्षी नहीं मान रहे है।
डीएम ने थानाध्यक्ष परसपुर व कानूनगो को आदेश दिए कि पीड़ित को उसकी जमीन पर कब्जा दिलाएं तथा यदि विपक्षी न माने तो एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई करें। परसपुर बेलई नाले का डायवर्जन न हटाए जाने की शिकायत पर डीएम ने एक्सईएन ड्रेनेज खंड को निर्देशित किया कि वे शीघ्र ही डायवर्जन हटाकर अवगत कराएं।