फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: हत्या की जांच में लापरवाही, दो सीओ व दरोगा फंसे

Thu, 12 Nov 2026 12:56 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। तरबगंज के पकड़ी गांव में वर्ष 2017 में हुई रमई की हत्या के मामले की विवेचना में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई है। सीआईडी की जांच में पाया गया कि विवेचना के दौरान न तो महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए और न ही उपलब्ध तथ्यों का समुचित विश्लेषण किया गया। मामले में कई गंभीर चूक सामने आने पर सीआईडी के एसपी दयाराम ने दो तत्कालीन क्षेत्राधिकारियों (सीओ) और एक उपनिरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए विशेष सचिव गृह को पत्र भेजा है।
विज्ञापन


पकड़ी गांव में चार-पांच जून 2017 की रात रमई की हत्या कर दी गई थी। उनकी पत्नी सुंदरपति ने राधेश्याम दूबे, विष्णु शंकर दूबे, मोहर अली और कलूट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में इन चारों की नामजदगी गलत पाई गई। इसके बाद विवेचना में पकड़ी गांव निवासी विवेक कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह और वीरेंद्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, पूरेगैन निवासी हनुमान दूबे तथा मरगूबपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद पांडेय को आरोपी पाया गया।

पुलिस की जांच से असंतुष्ट सुंदरपति ने शासन में शिकायत की थी। इसके बाद मामले की जांच अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) को सौंप दी गई। सीआईडी की जांच में विवेचना के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं।
विज्ञापन



न घायल का मृत्युकालिक बयान दर्ज कराया, न जुटाए तकनीकी साक्ष्य
सीआईडी की जांच के अनुसार, घटना के समय तरबगंज थाने में तैनात तत्कालीन वरिष्ठ उपनिरीक्षक सलाउद्दीन ने घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने में तत्परता नहीं दिखाई। गोली लगने से घायल रमई का मृत्युकालिक बयान दर्ज कराने के लिए संबंधित मजिस्ट्रेट को मेमो तक नहीं भेजा गया।तत्कालीन सीओ एवं विवेचक शंकर प्रसाद ने भी घायल का मृत्युकालिक कथन दर्ज कराने के लिए कोई प्रभावी प्रयास नहीं किया। विवेचना के दौरान किसी भी अभियुक्त या संदिग्ध की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) नहीं जुटाई गई। पर्याप्त साक्ष्य एकत्र किए बिना ही नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए गए।

इसी तरह तत्कालीन सीओ एवं विवेचक ब्रह्म प्रसाद की विवेचना में भी गंभीर खामियां पाई गईं। सीआईडी जांच में सामने आया कि हत्या जैसे गंभीर मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाने और उनका विश्लेषण करने के बजाय गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) तथा धारा 82 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई के लिए न्यायालय से आदेश प्राप्त करने की प्रक्रिया अपनाई गई। इन सभी खामियों को आधार बनाते हुए सीआईडी के एसपी दयाराम ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है।


गिरफ्तारी के लिए घरों पर चस्पा किए गए नोटिस
मामले के जांच अधिकारी अजय कुमार सिंह ने चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तरबगंज एसओ को पत्र लिखा है। एसओ तरबगंज श्रीधर पाठक ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर चारों आरोपियों के खिलाफ फरार घोषित करने की कार्रवाई की गई है। उनके घरों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। सीओ तरबगंज डॉ. यूपी सिंह ने बताया कि मामला पुराना है। इसमें सीआईडी और तरबगंज पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें