गोंडा। जिले के निर्धारित केंद्रों पर ही हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के व्यक्तिगत फॉर्म जमा किए जाएंगे। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से प्रधानाचार्यों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विद्यालयों के प्रधानाचार्य पूरी तरह से दस्तावेजों की जांच के बाद हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 400 फार्म जमा करा सकेंगे। आवेदन के लिए अंतिम तिथि पांच निर्धारित की गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2024-25 के लिए शहर के फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कन्हैयालाल इंटर कॉलेज करनैलगंज, एमडीबी सिंह इंटर कॉलेज बेलसर, एपी इंटर कॉलेज मनकापुर, राजकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर टेपरा करनैलगंज के अलावा राजकीय हाईस्कूल सेहरिया कला, राजकीय हाईस्कूल पेड़ारन, त्यौरासी, मधवापुर, दौलतपुर, सोनौली मोहम्मदपुर और मसकनवा को पंजीकरण केंद्र बनाया गया है। विद्यालय स्तर से दस्तावेजों की जांच के बाद परीक्षा फार्म ऑनलाइन भरे जाएंगे।
अधिकारियों का कहना है कि कोषागार में निर्धारित शुल्क जमा करने के साथ ही अंतिम तिथि से पहले आवेदन फॉर्म ऑनलाइन भरे जाएंगे। बालक व बालिकाओं के लिए अलग-अलग केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि व्यक्तिगत परीक्षा फॉर्म को लेकर सभी प्रधानाचार्यों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।। निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करने के साथ अग्रसारित किए जाएंगे। इसके लिए पंजीकरण केंद्र निर्धारित कर दिए गए हैं।