नंदिनीनगर महाविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण में मौजूद एनसीसी के अधिकारी व अन्य। - संवाद
नवाबगंज। नंदिनीनगर महाविद्यालय में चल रहे 48 यूपी बटालियन एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिन शनिवार को कैडेट्स को साइबर सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि सतर्कता से ही साइबर अपराध से बचा जा सकता है।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की टीम ने कैडेट्स को एटीएम क्लोनिंग, धोखाधड़ी और यूपीआई ट्रांजक्शन से जुड़ी सावधानियों के बारे में बताया। विशेषज्ञों ने बताया कि किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, बैंक पासवर्ड, आधार नंबर जैसी निजी जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध एप्लिकेशन डाउनलोड करने से बचें। किसी सरकारी अधिकारी या एजेंसी का कॉल आने पर उसकी सत्यता अलग माध्यम से जरूर जांचें। हर ऑनलाइन खाते में टू-फैक्टर अथवा टू-स्टेप वेरिफिकेशन ऑन रखें। किसी भी तरह की ठगी होने पर तुरंत अपने बैंक को सतर्क करें, पासवर्ड बदलें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा स्थानीय पुलिस को सूचना दें।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने इंटरनेट उपयोग से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया। इस मौके पर 48 बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल सुनील कपूर, प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल रणयोद्ध सिंह, मेजर राजाराम, लेफ्टिनेंट विपिन शुक्ल, लेफ्टिनेंट रमेश शुक्ल, लेफ्टिनेंट हरेंद्र सिंह यादव, लेफ्टिनेंट राहुल यादव, लेफ्टिनेंट हरिनाथ सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।