गोंडा। जिले की नवगठित तीन नगर पंचायतों के वार्डों का परिसीमन का कार्य पूरा कर लिया गया है। नगर पंचायत तरबगंज और धानेपुर में 15-15, जबकि बेलसर में 16 वार्ड बनाए गए हैं। हालांकि, प्रशासन ने आपत्तियां मांगी है। आपत्तियों का निस्तारण होते ही वार्ड गठन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। जिले में अभी तक चार नगर पंचायतें थीं, तीन नई बनने से अब इनकी संख्या सात हो गई है।
नगर विकास विभाग ने जिले में तीन और नगर पंचायतों के गठन को मंजूरी प्रदान की थी। जिसके तहत परिसीमन प्रक्रिया शुरू कराई गई। प्रशासन ने नगर पंचायतों का परिसीमन करते हुए वार्डों के गठन व उनके नामकरण की भी प्रक्रिया पूरी कर ली है। बेलसर में बेलसर उत्तरी, रगड़गंज बाजार, बेलसर मध्य, हनुमान नगर, विशुनपुरवा, मुजेड़, परसदा, संत कबीर मोहल्ला, देवरदा, चिल्दहा, पांडेयपुरवा, बाबा नग्रसेननगर, सरदवनपुरवा, बंजरवा, बरसड़ा व चांदपुर के नाम से वार्ड बनाए जाएंगे।
वहीं, तरबगंज में पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर, महात्मा गांधीनगर, रेतादलसिंह, बंगा सिंह बाबा, डॉ. भीमराव अंबेडकर नगर, जमालखानी, रामापुर, रामनेवल, सेमरा, कौचिहा, ढोढ़ेपुर, पूरेलीला, कटहा, स्वतंत्रता सेनानी भानु प्रताप व स्वतंत्रता सेनानी देवी प्रसाद के नाम से वार्ड गठन की प्रक्रिया चल रही है। वहीं धानेपुर नगर पंचायत में डॉ. भीमराव अंबेडकरनगर, महाराजा देवी बक्स सिंह नगर, माधवनगर, मुजेहना नगर, कल्याण नगर, पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर, चतुरधनलाल चौधरी नगर, ठठेरीनगर, इंदिरानगर, सरदार पटेलनगर, राजा आदित्य राम पांडेय नगर, खीरभारी नगर, अटल नगर, श्रीरामजानकी नगर, व डॉ. अब्दुल कलाम नगर के नाम से वार्ड बनाए जाएंगे।
महापुरुषों के नाम से बनेंगे वार्ड
धानेपुर व तरबगंज नगर पंचायत में महापुरुषों के नाम से वार्ड बनाए जाएंगे। धानेपुर में दस वार्डों को महापुरुषों के नाम से जाना जाएगा तो वहीं तरबगंज में पांच वार्डों का नामकरण महापुरुषों व स्वाधीनता सेनानियों के नाम से होगा।
नवगठित नगर पंचायतों के वार्डों के गठन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद शासन को रिपोर्ट भेज दी जाएगी। डॉ. उज्जवल कुमार, जिलाधिकारी