गोंडा। जिले के कटरा बाजार नगर पंचायत में अब चार पंचायतों को शामिल कर लिया गया है। इसके लिए बीते दिनों आपत्तियों के निस्तारण के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। मंगलवार को सीमा विस्तार को योगी कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिलने की जानकारी से लोगों में खुशी दिखी। वहीं, इस मंजूरी से कुछ लोगों को झटका भी लगा।
बताया जा रहा है कि दो पंचायतों को बाद में शामिल किया गया है। जिससे वहां के ग्राम प्रधानों को मायूसी हाथ लगी है। दूसरी ओर कटरा बाजार के सीमा विस्तार से लोगों में उत्साह है, कि अब निकाय चुनाव और रोचक होगा। पंचायतों के शामिल होने के बाद अब वार्डों के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।
कटरा बाजार नगर पंचायतों में अभी तक कस्बा ही शामिल था। इसमें 10 वार्ड थे। अब पंचायतों के शामिल होने के फैसले के बाद दस हजार से अधिक की आबादी तो बढ़ ही जाएगी। साथ ही मतदाता भी बढ़ेंगे। नगर पंचायत का दायरा बढ़ने से कई तरह के बदलाव आएंगे। नगर पंचायत में ग्राम पंचायत बीरपुर कटरा, बाबूपुर, चरेरा और मझौवा को शामिल किए जाने के प्रस्ताव की मंजूरी मिल गई है। प्रभारी अधिशासी अधिकारी मंशाराम वर्मा ने कहा कि कैबिनेट से मंजूरी मिलने की सूचना है। आदेश आते ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।