गोंडा। बाराबंकी और बहराइच के बाद पीएफआई के तार अब गोंडा से भी जुड़े होने का खुलासा हुआ है। इंटेलिजेंस ब्यूरो से मिले इनपुट के आधार पर सुरक्षा एजेंसी व पुलिस की संयुक्त टीमों ने सोमवार रात पीएफआई से जुड़े संदिग्धों की तलाश में खोड़ारे थाना क्षेत्र के दो गांवों के साथ ही करनैलगंज के तीन मोहल्लों में छापा मारा। खोड़ारे के दो गांवों से पुलिस ने छह संदिग्धों को उठाया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि संदिग्ध लोगों से पूछताछ में पीएफआई के बारे में क्या जानकारी मिली, इस बारे में पुलिस ने अभी कोई खुलासा नहीं किया है।
आईबी की टीम सोमवार रात गोंडा पहुंची और पीएफआई से जुड़े संदिग्धों की तलाश में सीओ मनकापुर संजय तलवार व पुलिस फोर्स के साथ खोड़ारे थाना क्षेत्र के औसानी बुजुर्ग व औसानी फिरोज गांव में छापा मारा। दोनों गांवों से छह संदिग्धों को उठाया गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। औसानी फिरोज गांव के पूर्व प्रधान प्रतिनिधि डॉ. रशीद ने बताया कि देर रात करीब डेढ़ बजे पुलिस टीम ने गांव के ही रहने वाले 70 वर्षीय उनके मामा अब्दुल्ला को उठाया है। इसके बाद खोड़ारे बाजार से इसी गांव के रहने वाले निजी चिकित्सक उबैदुल्लाह को भी टीम पकड़ ले गई। डॉ. रशीद ने बताया कि टीम उनके मामा को खोड़ारे थाने ले गई थी। मगर बाद में इसलिए छोड़ दिया कि बुजुर्ग अब्दुल्ला को एक आंख से कम दिखाई पड़ता है और उनके पास एंड्रायड मोबाइल भी नहीं है।
पूछताछ के बाद टीम ने निजी चिकित्सक को भी छोड़ दिया। इसके अलावा टीम ने छह अन्य लोगों उठाया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। उधर करनैलगंज में भी आईबी की ही सूचना पर पीएफआई के संदिग्धों की तलाश में पुलिस टीम ने बालूगंज, कसगरान व बालकरामपुरवा में छापा मारा। मगर यहां से टीम के हाथ कोई नहीं लगा।
गफलत में उठाए गए अब्दुल्ला व उबैदुल्लाह
आईबी व पुलिस की संयुक्त टीम ने औसानी फिरोज गांव से नाम के गफलत में अब्दुल्ला व उबैदुल्लाह को उठाया था। टीम को जिस अब्दुल्ला व उबैदुल्लाह की तलाश थी। इन दोनों के नाम भी उनसे मिलते-जुलते हैं। इसी गफलत में टीम ने दोनों को उठा लिया था। मगर पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया गया।
आईबी से मिली सूचना के बाद खोड़ारे थाना क्षेत्र के दो गांवों के साथ ही करनैलगंज के तीन मोहल्लों में पुलिस टीम ने छापा मारा था। खोड़ारे से छह लोगों को उठाया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। आकाश तोमर, पुलिस अधीक्षक