गोंडा। बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों का तय समय में जिले में परस्पर तबादले नहीं हो सके। 15 जनवरी तक सभी को एक-दूसरे के स्थान पर पदभार ग्रहण करना था। पर आवेदक 18 जोड़े शिक्षक प्रक्रिया में शामिल ही नहीं हो सके।
लंबे समय से जिले में परस्पर तबादले की मांग की जा रही थी। ऐसे में अगस्त में 234 जोड़े शिक्षकों ने एक-दूसरे की सहमति के आधार पर ओटीपी शेयर किया। इसके बाद खंड शिक्षाधिकारी को अपना आवेदन दिया। बीएसए स्तर से जिले में शिक्षकों के परस्पर तबादले किए गए। पर शिक्षक इस प्रक्रिया में शामिल नहीं हुए। 15 जनवरी तक पदभार ग्रहण करना था। अधिकारियों ने सभी शिक्षकों के परस्पर तबादलों के दावे किए थे। पर 18 जोड़े शिक्षकों के प्रक्रिया में शामिल न होने से मामला उलझ गया।
अधिकारी खुद के आदेश का अनुपालन नहीं करा पा रहे हैं। कई दिनों से आवेदक शिक्षक स्कूल छोड़कर दौड़भाग कर रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि परस्पर तबादले के लिए राजी होने व बाद में मुकर जाने से उनको असुविधा हो रही है। बीएसए प्रेमचंद ने बताया कि प्रत्यावेदन लिए जा रहे हैं। जल्द ही जिले में परस्पर तबादले पूरे किए जाएंगे।