फोटो-2-गोंडा में परसपुर के मधईपुर कुर्मी गांव में मजदूर का शव मिलने के बाद जांच करते सीओ।-संवाद
- फोटो : GONDA
परसपुर (गोंडा)। परसपुर नहर पुलिया चारागाह के पास बुधवार सुबह संदिग्ध हालात में युवक का शव पड़ा मिला। उसके सिर के पीछे गहरे घाव के साथ ही शरीर पर कई जगह चोट व खरोंच के निशान मिले हैं। ऐसे में युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौका मुआयना कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू की है। सीओ करनैलगंज ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी लेकर मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
ग्राम मधईपुर कुर्मी छोटी रामबारी निवासी पंडित ने थाने पर सूचना दी कि उसका बेटा सोनू (25) मंगलवार शाम घर से निकला था, लेकिन वह रात को घर नहीं लौटा। काफी तलाशने पर भी वह नहीं मिला। बुधवार सुबह उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में परसपुर स्थित नहर पुलिया चारागाह के पास पड़ा मिला। यह खबर फैलते ही वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। पिता व भाई ने मौके पर पहुंचकर सोनू की पहचान की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ ही सीओ करनैलगंज मुन्ना उपाध्याय भी मौके पर पहुंच गये। मृतक सोनू के सिर के पीछे चोट का गहरा निशान था। जिससे खून रिस रहा था। साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों पर भी खरोंच व चोट के निशान थे। पुलिस ने मौका मुआयना कर सोनू के परिजनों से पूछताछ की। पता चला कि सोनू अपने तीन भाइयों मोनू व अमित में सबसे बड़ा था। उसकी दो बहनें हैं। एक बहन की शादी हो चुकी है। मृतक सोनू सहित अन्य दोनों भाई अविवाहित हैं। सोनू की मौत से घर व गांव में कोहराम मच गया है।
नहर तक गया खोजी कुत्ता
हत्या की सूचना पर पुलिस ने डॉग स्क्वाएड बुलाया। कुत्ते को चारों तरफ घुमाया गया। कुत्ता नहर से 400-500 मीटर की दूरी पर जाकर रुककर बैठ गया। साथ ही फोरेंसिक टीम प्रभारी एसआई मनोज कुमार व सचिन कुमार भी घटना स्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल किया। घटनास्थल के आसपास शराब की की खाली शीशी व बीयर का केन व कुछ अन्य सामान मिले हैं।
शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चलेगा। उसके आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी मुन्ना उपाध्याय, सीओ करनैलगंज