गोंडा। सीरबनकट गांव के मजरे जनाबनकट के रहने वाले 12 वर्षीय छात्र की प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर बहन के प्रेमी ने ही गला दबाकर हत्या की थी। इसका खुलासा करते हुए गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि शव को ठिकाने लगाने में आरोपी की मदद करने वाला उसका पिता फरार है। पुलिस प्रेमी के आरोपी पिता की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बता दें कि आरोपी पिता पूर्व प्रधान है, उसकी पत्नी प्रधान है।
थाना धानेपुर क्षेत्र के सीरबनकट गांव के मजरा जनाबनकट के रहने वाले राज कुमार सिंह का बेटा दीपक सिंह (12) क्षेत्र के बाल विद्या मंदिर परधायिनगंज चौथी का छात्र था। 21 अगस्त शाम वह खेत की रखवाली करने के लिए घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटा। 22 अगस्त को राज कुमार सिंह ने बेटे के अपहरण की रिपोर्ट थाना धानेपुर में दर्ज कराई थी। इसी बीच 23 अगस्त की सुबह गांव के दक्षिण और विसुही नदी में धोबीघाट के पास उसका शव उतराता मिला था। इसके बाद राज कुमार सिंह ने बेटे के हत्या की रिपोर्ट थाना धानेपुर में दर्ज कराई। पुलिस ने तफ्तीश के दौरान प्रकाश में आए अमर वर्मा निवासी जनाबनकट को उठा लिया और पूछताछ की तो वह टूट गया।
उसने बताया कि दीपक की बहन से उसका काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह 21 अगस्त की शाम दीपक की बहन से मिलने आया था। तभी दीपक ने अपनी बहन के साथ अमन को देखकर शोर मचाने लगा। इसलिए उसका गला दबाकर हत्या कर दी। बताया कि शाम का समय होने से गांव के लोग न देख लें, इस डर से शव को दीपक के घर में तखत के नीचे छिपा दिया। इधर दीपक के पिता उसकी गांव में तलाश जुटे थे, तभी अमन ने अपने पिता मेवालाल वर्मा की मदद से शव को गांव के दक्षिण ओर विसुही नदी में फेंक दिया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि आरोपी अमन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेेवालाल वर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। (संवाद)
आरोपी बहन को भेजा किशोर न्यायालय
गोंडा। छात्र हत्याकांड मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अमन वर्मा को गिरफ्तार करने के बाद उसकी प्रेमिका व छात्र की बहन को भी बृहस्पतिवार को संरक्षण में लिया है। पुलिस ने महिला आरक्षी की अभिरक्षा में बाराबंकी के किशोर न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे बालिका संप्रेेक्षण गृह, बाराबंकी भेज दिया गया।
बोरे से शव को ढकने से चेहरा हुआ था काला
छात्र की हत्या के बाद पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम को भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि तो चिकित्सक ने कर दी, लेकिन हत्या के बाद केमिकल डालकर शव जलाने की आशंका जताई जा रही थी, उसे खारिज कर दिया।
मुकदमे के विवेचक थाना धानेपुर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि छात्र के चेहरे पर जो कालापन व फफोलों के निशान आए थे। वह हत्या के बाद मुख्य आरोपी और उसके पिता ने शव को छात्र के घर में तखत के नीचे छिपाकर सूत के बोरे से ढक दिया था। इसलिए आर्द्रता अधिक होने से चेहरा काला पड़ गया था और फफोले आ गए थे। (संवाद)