गोंडा। मुजेहना ब्लॉक में बुधवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लॉक प्रमुख कुसुमा देवी की अध्यक्षता में हुई। इसमें 16 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। जिसके तहत मनरेगा, राज्य वित्त, चौदहवां वित्त सहित अन्य मदों से तकरीबन 18 करोड़ रुपये से क्षेत्र का विकास होगा। इसके तहत क्षेत्र में नाली, खड़ंजा, कच्ची सड़क, पुलिया निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
बैठक में मुख्य अतिथि व सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि जिलेभर में मुजेहना ब्लॉक को नंबर एक बनाना है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि बरसात का मौसम आने वाला है। ऐसे में नाली निर्माण कराकर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराएं। सांसद ने बीडीसी सदस्यों और ग्राम प्रधानों से समस्याएं बताने को कहा। लखनीपुर के क्षेत्र पंचायत सदस्य ने बताया कि उनकी ओर से दिये जाने वाले प्रस्ताव को शामिल नहीं किया जा रहा और बैठक भत्ता भी नहीं दिया जा रहा है। इस पर जिम्मेदार एक-दूसरे का मुंह ताकने लगे। हालांकि, ज्वाइंट बीडीओ विकास मिश्र ने खाते में भत्ता भेजने की बात कहकर डैमेज कंट्रोल किया।
मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी मुन्ना ने कहा कि मुजेहना ब्लॉक क्षेत्र में विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। बेहतर खेती करने वाले किसानों को सांसद व विधायक ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष धानेपुर उमा देवी वर्मा सहित सभासदों को भी सम्मानित किया।
बैठक में पीडी चंद्रशेखर, बीईओ हेमलता त्रिपाठी, पीओ ओमप्रकाश सिंह यादव, एडीओ (एमआई) रमेश कुमार व सुपरवाइजर अंकिता श्रीवास्तव ने योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान अजय सिंह, संजय सिंह, अनूप सिंह, रवि तिवारी, सुरेशदत्त तिवारी, गुरुदास शर्मा, महेश सिंह, चंदन सिंह, मंशाराम वर्मा, कमलापति गुप्ता मौजूद रहे।