सांसद आदर्श ग्राम योजना में गोद लिए गए गांवों का सभी अधिकारी भ्रमण करें और विकास कार्यक्रमों में तेजी लाते हुए योजनाओं को शत-प्रतिशत लागू करें। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। ये निर्देश जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने कैंप कार्यालय पर आयोजित सांसद आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए।
बताते चलें कि सांसद आदर्श ग्राम योजना में गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने विकास खंड इटियाथोक के लक्ष्मनपुर लाल नगर गांव गोद लिया था। उनके द्वारा चयनित गांव में कराए गए जाने विकास कार्यों की शुक्रवार दस जुलाई को समीक्षा की जाएगी। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने सांसद आदर्श ग्राम योजना में गोद लिए गए गांव में संचालित विकास कार्यक्रमों की समीक्षा कर प्रगति ली।
बाद में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उक्त गांव में कुपोषित बच्चों का चिह्नांकन, गर्भवती महिलाओं का चिह्नांकन कर शत-प्रतिशत टीकाकरण कराएं। इसके साथ ही गांव में दवाओं की उपलब्धता के साथ-साथ पोषाहार का वितरण भी कराएं। बीएसए को उन्होंने निर्देश दिए कि गांव में स्कुल चलो अभियान के तहत यह सुनिश्चित करें कि गांव का कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहने पाए।
डीएफओ को निर्देश दिए कि गांव में पौधरोपण के लिए इच्छुक लोगों से संपर्क कर गांव में ज्यादा से ज्यादा पौधेरोपित कराएं। डीपीआरओ को निर्देश दिए कि गांव में स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव में कुल निर्मित शौचालयों की संख्या तथा निर्माण के लिए इच्छुकों की संख्या तैयार कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर लें। इसके अलावा उन्होंने हैंडपंपों की मरम्मत, सालिड बेस्ट मैनेजमेंट के तहत गोबर गैस प्लांट की व्यवस्था कराने, समाजवादी पेंशन योजना में लाभार्थियों का संतृप्तीकरण, कृषि विभाग के बीज वितरण, पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं का टीकाकरण कराने एवं आधारकार्ड कैंप लगवाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्यक्रम में विकास कार्यक्रमों से जुड़े सभी उच्च एवं निम्न कर्मचारियों की सहभागिता प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराएं। बैठक में डीपीआरओ आरएस चौधरी, बीएसए डॉ. फतेह बहादुर सिंह, डीपीओ प्रदीप मिश्र, डीएफओ, नाबार्ड के अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी व चिकित्सा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।