मोतीगंज/भंभुआ/करनैलगंज/गोंडा। मोतीगंज में दर्जीकुआं-मनकापुर रोड पर मंगलवार सुबह महेवा गोपाल के पास बाइकों की टक्कर में मां-बेटे समेत तीन की मौत हो गई। वहीं, करनैलगंज में लखनऊ मार्ग पर अहिरौरा मोड़ के पास सोमवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। मोतीगंज के उत्तरपुरवा सौठिया गांव निवासी किसान राममणि यादव के पुत्र रंजीत यादव (18) मंगलवार सुबह 11 बजे अपनी मां मीना यादव (43) और गांव के सुरेश पांडेय की पत्नी बिंदू देवी (35) के साथ नवाबगंज के कोल्हमपुर के एक मंदिर से दर्शन करके बाइक से लौट रहे थे। मनकापुर-दर्जीकुआं मार्ग पर महेवा गोपाल के पास खाद लेने जा रहे गढ़ी के सौतिहवा निवासी मनोज वर्मा (25) की बाइक से रंजीत की बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इससे दोनों बाइक पर सवार सभी बीच गिर गए।
पुलिस के मुताबिक हेलमेट नहीं पहने होने के कारण रंजीत और मनोज के साथ ही मीना के सिर पर गंभीर चोट आई। बिंदू भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मोतीगंज थाने के एसएसआई राम भवन पासवान ने बताया कि चारों घायलों को काजीदेवर सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने रंजीत, मीनस व मनोज को मृत घोषित कर दिया है। बिंदू देवी का इलाज चल रहा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है।
करनैलगंज क्षेत्र के पचमरी मदारीपट्टी निवासी चाचा मन्नू (40) मंगलवार को भतीजे श्रवण (32) के साथ रिश्तेदारी के एक मांगलिक कार्यक्रम में बाइक से जरवल रोड गए थे। रात 12 बजे लौटते समय लखनऊ मार्ग पर अहिरौरा मोड़ के पास अज्ञात वाहन की बाइक में टक्कर लगने से दोनों घायल हो गए। भंभुआ चौकी प्रभारी अंकित सिंह मन्नू व श्रवण को करनैलगंज सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।