सीएम से मिले गोंडा जिले के विधायक।
गोंडा। जिले के तीन भाजपा विधायकों ने बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। विधायकों ने सड़क चौड़ीकरण, पुल और रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के साथ शिक्षा से जुड़े कई कार्यों की मांग की।
मनकापुर से भाजपा विधायक रमापति शास्त्री ने मुख्यमंत्री से अलग से मुलाकात कर वजीरगंज-झिलाही के करीब 13 किलोमीटर लंबे जर्जर मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण की मांग की। उन्होंने गोंडा-मनकापुर मार्ग पर मनकापुर क्रॉसिंग के पास रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण और वजीरगंज में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा।
तरबगंज से भाजपा विधायक प्रेम नारायण पांडेय और गौरा से विधायक प्रभात वर्मा ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री से भेंट की। वजीरगंज में सीएम कंपोजिट विद्यालय स्थापित करने की मांग की, ताकि क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने नगर पंचायत बेलसर और तरबगंज में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों से संबंधित शासन स्तर पर लंबित पत्रावलियों के निस्तारण की भी मांग उठाई। इसके साथ ही टेढ़ी नदी पर वीरसिंह पुल के निर्माण का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। गौरा विधायक प्रभात वर्मा ने अमवा-तामापार-वीरपुर ओडीआर मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग की।