परसपुर। दो दिन पूर्व सब्जी लेने निकले दुबाई शुक्लन पुरवा निवासी शिवदयाल शुक्ल (30) का शव मंगलवार को कड़रू पंडित पुरवा के पास तालाब में उतराता मिला। मृतक की मां दुधन देवी ने बताया कि बेटा शिवदयाल रविवार शाम सात बजे सब्जी लेने के लिए बाइक से पड़रिया गया था। वह देर रात तक नहीं लौटा तो तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
सोमवार को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मंगलवार सुबह गांव के लोगों ने बताया कि कंडरू के पंडित पुरवा के पास तालाब में शव मिला है। परिजन मौके पर पहुंचे तो शिवदयाल का शव देख बिलख पड़े। पास में ही शिवदयाल की बाइक खड़ी थी। वहीं पर मोबाइल भी पड़ा मिला। थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर छानबीन की जाएगी।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक के चाचा हरिशंकर शुक्ल ने बताया कि शिवदयाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बड़ा रामदयाल (35) और छोटा भाई अमन (28) है। दो बहनों की शादी हो चुकी है। पिता राजकुमार का पूर्व में निधन हो चुका है। शिवदयाल की मौत से पत्नी पूजा व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।