परसपुर (गोंडा)। थाना परसपुर क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की रात शादी समरोह के द्वारपूजा में शामिल होने गई एक किशोरी को युवक ने दबोच लिया और गांव से कुछ दूरी पर स्थित तालाब के पास ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जानकारी होने पर जब किशोरी का पिता आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंचा तो आरोपी और उसके साथियों ने किशोरी के पिता से अभद्रता करते हुए लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। किशोरी के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म व अन्य तीन लोगों के विरुद्ध मारपीट, धमकी व पॉक्सो एक्ट के तहत थाना परसपुर में केस दर्ज कराया है।
थाना परसपुर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी (16) के पिता ने थाने में दर्ज कराए केस में कहा कि उसके गांव में मंगलवार को एक व्यक्ति के यहां शादी समारोह था। रात तकरीबन 9 बजे उसकी बेटी द्वारपूजा में शामिल होने के लिए घर से निकली थी। तभी एक युवक ने उसे दबोच लिया और गांव से कुछ दूरी पर स्थित तालाब के पास ले जाकर उसकी बेटी के संग दुष्कर्म किया।
जानकारी होने पर जब वह आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंचा तो आरोपी युवक और उसके साथियों ने उसके साथ अभद्रता करते लाठी-डंडे से उसकी पिटाई कर दी। शोर सुनकर दौड़े लोगों ने उसे बचाया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर मुन्ना कश्यप के खिलाफ दुष्कर्म व अमित कश्यप, रिंकू कश्यप तथा शिवबहादुर कश्यप के खिलाफ मारपीट व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। बताया कि आरोपी मुन्ना कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।