करनैलगंज। नाबालिग को बालिग दिखाकर मनरेगा में मजदूरी कराने का मामला सामने आया है। शिकायत पर आईजी के हस्तक्षेप के बाद आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ग्राम पहाड़ापुर निवासी अन्नू ने आईजी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव के ही नाबालिग को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मनरेगा का लाभ दिलाया जा रहा है। उसकी जन्मतिथि दो फरवरी 2010 है। इसकी पुष्टि पूर्व माध्यमिक विद्यालय पहाड़ापुर के प्रधानाचार्य द्वारा भी की गई है। इतना ही नहीं, उसके खिलाफ किशोर न्याय बोर्ड में एक मामला विचाराधीन बताया गया है। इसके बावजूद वर्ष 2025 में बनाए गए मनरेगा जॉब कार्ड में उसकी उम्र 18 वर्ष दर्शाई गई और उसे नियमित मजदूर के रूप में कार्यरत दिखाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि उसका नाम मतदाता सूची में भी दर्ज है, जो मामले को और गंभीर बनाता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।