गोंडा। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने मत्स्य पालन और स्वरोजगार से जुड़े ऋण आवेदनों के लंबित रहने पर गहरी नाराजगी जताई। रविवार को एक दिवसीय दौरे पर गोंडा पहुंचे मंत्री ने टाउनहॉल में आयोजित पार्टी की गोष्ठी में मछुआ समाज के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इंडियन बैंक के फाइनेंशियल लिटरेसी काउंसलर (एफएलसी) जयराम सुमन से ऋण प्रक्रिया की जानकारी ली। जानकारी मिलने पर कि 436 आवेदन अब तक लंबित हैं, मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित आवेदनों की शीघ्र जांच कर ऋण स्वीकृत किया जाए। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने कहा कि समाज को आरक्षण का लाभ तभी मिल सकेगा जब अधिक से अधिक लोग शिक्षित होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सशस्त्र सेनाओं ने वैश्विक स्तर पर देश का मान बढ़ाया है।