गोंडा। कलेक्ट्रेट में बुधवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से शहरी आपदा से बचाव के लिए मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश पर मॉकड्रिल में अग्निकांड, शहरी बाढ़, भवन ढहने सहित अन्य दैवीय आपदा से निपटने की तैयारियों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा की मौजूदगी में आयोजित मॉकड्रिल में मुख्य रूप से फायर और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप राहत तथा बचाव अभियान का प्रदर्शन किया। फायर विभाग के अधिकारी नितेश शुक्ल ने आग लगने की स्थिति में बचाव के उपाय, आग पर नियंत्रण की तकनीक और सुरक्षित निकासी की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। मॉकड्रिल में जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव, सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।