गोंडा। शहर के एक मोहल्ला निवासी युवती ने दो लोगों पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील मेसेज व कॉल करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि मंगेतर और उसके रिश्तेदारों को भी आपत्तिजनक संदेश भेजे गए, जिससे उसकी शादी टूट गई। शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती ने एसपी को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि वह पहले चैनपुरवा नारायणपुर माझा निवासी सुनील कुमार निषाद उर्फ रामू के यहां डाटा एंट्री का काम करती थी। उसका परिचय रूप नारायण प्रजापति ने कराया था। नौकरी छोड़ने के बाद वह एक स्कूल में पढ़ाने लगी। इसके बाद दोनों ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर मोबाइल पर अश्लील मेसेज और कॉल करना शुरू कर दिया। शादी तय होने पर मंगेतर और उसके रिश्तेदारों को भी आपत्तिजनक संदेश भेजे गए। इससे शादी टूट गई। उसने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। युवती ने पुलिस को मेसेज के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई हैं। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)