गोंडा। गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिनभर की तपन से अब रातें भी गर्म हो रही हैं। तेज धूप की वजह से दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा दिखा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा। पारे में उछाल के साथ गर्मी का प्रकोप इसी तरह बने रहने के आसार हैं।
जिले में इन दिनों सुबह नौ बजे की धूप ही दोपहर का अहसास कराने लगती है। बृहस्पतिवार को भी सुबह से तपिश व गर्म हवा बेहाल करने लगी। दोपहर में हालात और भी बिगड़ गए। चिलचिलाती धूप और धूल भरी गर्म हवा के थपेड़ों ने बाहर निकले लोगों को बेहाल कर दिया। जरूरी काम होने पर लोग गमछे व टोपी पहनकर बाहर निकले।
पिछले करीब 10 दिनों से तेज धूप की वजह से सड़कों पर सन्नाटा दिखता है। इससे सड़कों और बाजारों में ग्राहकों की कमी से दुकानदार भी मायूस हैं। चिकित्सकों ने दोपहर में तेज धूप और लू में बाहर न निकलने की सलाह दी है।